
**परेड ग्राउंड में उमड़ी संगीत प्रेमियों की भीड़, अतर शाह, सुरेंद्र राणा और जितेंद्र तोमक्याल ने भी दी शानदार प्रस्तुतियां**
देहरादून 18 नवंबर ।परेड ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय आदि गौरव महोत्सव-2026 का बुधवार को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में उत्तराखंड के लोकप्रिय लोक-फ्यूजन बैंड पांडवास की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। पांडवास के गीतों पर संगीत प्रेमी जमकर झूमे। वहीं लोक गायक अतर शाह, सुरेंद्र राणा और जितेंद्र तोमक्याल ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
महोत्सव के समापन समारोह में एक विशेष पहल के तहत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, मेहरावना, चकराता की छात्रा नव्या शाह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
राज्य जनजातीय शोध संस्थान की ओर से आयोजित महोत्सव में पांडवास बैंड ने ‘राधा’, ‘गजीना’, ‘केदारनाथ’, ‘घुघुती बासूती’ और ‘म्योलाड़ी’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। पारंपरिक लोक संगीत और आधुनिक संगीत के अनूठे संगम ने दर्शकों को देर तक झूमने पर मजबूर किया।
लोक गायक अतर शाह ने ‘सथेनी बिनिये’, ‘पिनी छोड़ि’, ‘लाडो’ और ‘बिनिये’ जैसे गीतों से समां बांधा। सुरेंद्र राणा ने ‘रेणुये’, ‘बिंद्रा ले’ और ‘मेरी पहाड़न’ गीत प्रस्तुत किए, जबकि जितेंद्र तोमक्याल ने ‘माया का झमेला’, ‘टिहरी की नथुली’, ‘संगीता’ और ‘धना’ जैसे कुमाऊंनी गीतों से सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाया।
चार दिवसीय महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय समुदायों, शिल्पकारों और सांस्कृतिक दलों ने प्रतिभाग किया। असम, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और हरियाणा सहित कई राज्यों के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक लोक कला, संगीत और नृत्य का प्रदर्शन किया। गुजरात के अफ्रीकी मूल के जनजातीय समुदाय सिद्दी की सहभागिता भी विशेष आकर्षण रही। उत्तराखंड के जौनसारी, थारू, भोटिया, बुक्सा और राजी समुदायों ने भी अपनी सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत की।
महोत्सव में लगी प्रदर्शनी में जनजातीय हस्तशिल्प, लकड़ी की कलाकृतियां, हस्तनिर्मित वस्त्र, घरेलू सजावट के सामान, जैविक खाद्य सामग्री और स्थानीय मोटे अनाज लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। आगंतुकों को शिल्पकारों से सीधे संवाद कर उनकी पारंपरिक कला और हुनर को जानने का अवसर मिला।
उप निदेशक जनजातीय कल्याण राजीव कुमार सोलंकी ने कहा कि आदि गौरव महोत्सव जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है। आयोजन के माध्यम से जनजातीय शिल्पकारों और सांस्कृतिक समूहों को पहचान एवं अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है, ताकि उनकी परंपराओं और विरासत को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले कलाकारों, शिल्पकारों, प्रतिभागियों और आगंतुकों का आभार जताया।








