
युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ना संत समाज की प्राथमिकता, श्रद्धालु कुंभ से आध्यात्मिक चेतना लेकर लौटें
हरिद्वार 17 नवंबर। आनंद अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि कुंभ केवल गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों का पर्व नहीं है, बल्कि आत्मचिंतन, अहंकार त्यागने और जीवन में सेवा, साधना व समर्पण के भाव अपनाने का अवसर है। श्रद्धालुओं को कुंभ से सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना लेकर लौटना चाहिए।
एक विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालु केवल स्नान तक सीमित न रहें, बल्कि धैर्य, ध्यान, मंत्र-जप, तप और सेवा को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। संतों का सान्निध्य व्यक्ति को जीवन की सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने पर उन्होंने कहा कि संत समाज प्रवचनों, धार्मिक कथाओं और सोशल मीडिया जैसे आधुनिक माध्यमों के जरिए भारतीय संस्कृति के मूल्यों को युवाओं तक पहुंचा रहा है। युवाओं में अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य, साधना और सकारात्मक सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है।
स्वामी बालकानंद गिरि ने कहा कि कुंभ भारतीय सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। गंगा के समक्ष सभी समान हैं और यही सनातन धर्म की मूल भावना है। अखाड़े और संत समाज इस परंपरा के संरक्षण और धर्म की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
हरिद्वार कुंभ की विशेषता बताते हुए उन्होंने कहा कि हरिद्वार भगवान विष्णु और भगवान शिव दोनों से जुड़ी पवित्र भूमि है। हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और पवित्रता का अनुभव कराता है। उन्होंने कुंभ के दौरान उपनयन और मुंडन सहित 16 संस्कारों के आयोजन को भी महत्वपूर्ण बताया। कहा कि संतों और विद्वानों की उपस्थिति में शास्त्रीय विधि से संपन्न होने वाले संस्कार व्यक्ति के लिए आध्यात्मिक रूप से विशेष महत्व रखते हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से कुंभ के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करने की अपील की। कहा कि कुंभ की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब श्रद्धालु यहां से सेवा, त्याग, विनम्रता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश लेकर अपने घर लौटें।








