21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बनाने के संकल्प को साकार कर रही राज्य सरकार : प्रधानमंत्री
देहरादून। उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ’21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक’ बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के संकल्प के साथ प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नौ नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि और संकल्प से उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। राज्य स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के अदम्य साहस, स्वाभिमान और प्रगति के संकल्प को नमन करने का अवसर है। राज्य गठन के समय जो आकांक्षाएं थीं, उन्हें पूरा करने की दिशा में उत्तराखंड निरंतर आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का अद्भुत संगम बताते हुए कहा कि मां गंगा और यमुना का उद्गम, पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा इस प्रदेश को देश की आस्था का प्रमुख केंद्र बनाती है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे तीर्थस्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े हैं। उन्होंने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव और यहां बिताए समय की स्मृतियों को भी साझा किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता है।
कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को मिली नई गति
प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लगभग 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का उल्लेख किया। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को पर्यटन, व्यापार और उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम होगा।
देहरादून हवाई अड्डे के विस्तार, पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के संचालन तथा बनबसा में नए हेलीपैड की स्वीकृति को भी हवाई संपर्क मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
### धार्मिक और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर
प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में धार्मिक महत्व के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
सीमांत क्षेत्रों के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं, पर्यटन, हस्तशिल्प और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
पर्यटन और कुंभ से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। प्रदेश में होमस्टे योजना से स्थानीय परिवारों की आय के नए स्रोत विकसित हुए हैं। एडवेंचर टूरिज्म, विंटर टूरिज्म, वेडिंग टूरिज्म और सालभर पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास हो रहे हैं। इससे स्थानीय कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को भी पहचान मिल रही है।
उन्होंने हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये की सहायता का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि यह आयोजन देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनेगा।
स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण की उपलब्धियों का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर और अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेजों के संचालन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की सराहना की।
शिक्षा के क्षेत्र में देवप्रयाग स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर, केंद्रीय विद्यालयों और पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही उत्तराखंड के पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य हासिल करने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
महिला सशक्तीकरण के लिए उज्ज्वला, स्वच्छ भारत, प्रधानमंत्री आवास और लखपति दीदी योजनाओं को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार बताया।
ऊर्जा और पेयजल परियोजनाओं के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने लगभग आठ हजार करोड़ रुपये की लागत वाले एक हजार मेगावाट क्षमता के टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट, लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना, जमरानी बांध और सॉन्ग बांध पेयजल योजना का उल्लेख किया।
### सुशासन और सांस्कृतिक विरासत की सराहना
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने को देश के लिए उदाहरण बताया। इसके साथ ही सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता के प्रयासों की सराहना की। पूर्व सैनिकों के हितों के लिए वन रैंक वन पेंशन योजना का भी उल्लेख किया।
राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के पदक जीतने को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आयोजित हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन को साहसिक खेलों के क्षेत्र में उत्तराखंड की नई पहचान से जोड़ा।
प्रधानमंत्री ने नंदा देवी मेला, उत्तरायणी मेला, जागेश्वर मेला, इगास-बग्वाल, छोलिया नृत्य और फूलदेई जैसी लोक परंपराओं के साथ मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, बाल मिठाई और सिंगौड़ी जैसे पारंपरिक व्यंजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। प्रदेश का हर गांव, परिवार और युवा विकास के अवसरों से जुड़े, इसी उद्देश्य के साथ विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ना है।
### मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश और प्रदेश की विकास यात्रा की सराहना के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और आत्मीय जुड़ाव प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से राज्य विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप राज्य सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश का प्रत्येक गांव, युवा, किसान, महिला तथा सीमांत क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड अपनी सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास, रोजगार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर सृजित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।







