**दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की**
देहरादून, 8 नवम्बर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ धूमधाम से दीपावली महोत्सव मनाया। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर देश और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान गणेश गोदियाल ने प्रदेशवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खुशहाली, समानता और सम्मान का प्रकाश पहुंचाना है। इस अवसर पर सभी को समाज में व्याप्त नफरत, भेदभाव और अन्याय को दूर कर प्रेम, सद्भाव एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
दीपावली महोत्सव के दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा, महामंत्री अश्विनी बहुगुणा एवं मोहन सिंह खत्री, सचिव रितेश क्षेत्री, उपेन्द्र थापली, रामकुमार वालिया, विनीत प्रसाद बंटू, विनोद कुमार, पिया थापा, अजय रावत, प्रशांत खंडूरी, अरुणा कुमार, राजेश चमोली, अनिल नेगी, सुलेमान अली, पुनीत कुमार सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।







