10 से 30 नवंबर तक जिला, ब्लॉक और नगर स्तर पर होंगे कार्यक्रम, 23 नवंबर को राज्यपाल को सौंपे जाएंगे हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पंपलेट
देहरादून, 7 नवंबर। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित यह अभियान 10 से 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों, ब्लॉकों और नगर मुख्यालयों में चलाया जाएगा। कांग्रेस 23 नवंबर को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में पदयात्रा निकालकर हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पंपलेट राज्यपाल को सौंपेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के पहले चरण में 10 से 15 नवंबर तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी एवं डॉ. धन सिंह रावत के खिलाफ लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए निर्धारित पंपलेट के साथ छह गुणा 15 फीट के बैनर पर भी लोगों के हस्ताक्षर कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी जिला और ब्लॉक इकाइयों को हस्ताक्षरयुक्त बैनर एवं पंपलेट 20 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के अगले चरण में 23 नवंबर को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से लोकभवन (राजभवन) तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान प्रदेशभर से एकत्र किए गए हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पंपलेट राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। कांग्रेस मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के खिलाफ लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करेगी।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि 25 से 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला एवं महानगर मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भ्रष्टाचार के खिलाफ सांकेतिक अदालतें आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा सरकार पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने उठाया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए जिला एवं विधानसभा प्रभारियों को उनके संबंधित क्षेत्रों में कार्यक्रमों का संयोजक नियुक्त किया गया है। प्रदेश कांग्रेस ने जिला, महानगर, ब्लॉक और नगर इकाइयों के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को लेकर जनता में व्याप्त आक्रोश को आवाज देने और सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।






