दीपावली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए यूपीसीएल अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

**लोड डिस्पैच सेंटर से प्रदेश की विद्युत व्यवस्था पर रहेगी 24 घंटे नजर, 6 से 9 नवंबर तक फील्ड अधिकारियों की विशेष तैनाती**

देहरादून। दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान प्रदेश में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) अलर्ट मोड पर है। प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) का निरीक्षण कर प्रदेश में बिजली की मांग, उपलब्धता और ग्रिड संचालन की स्थिति का जायजा लिया।

प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बिजली की मांग में संभावित वृद्धि को देखते हुए मांग और उपलब्धता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर प्रदेश की विद्युत व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां से बिजली की मांग और उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जाती है।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार चौबीसों घंटे सतर्क रहने और बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतों तथा व्यवधानों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यूपीसीएल प्रबंधन ने दीपावली एवं अन्य त्योहारों को देखते हुए 6, 7, 8 और 9 नवंबर की रात सभी संबंधित फील्ड अधिकारियों की ड्यूटी विद्युत उपसंस्थानों में लगाई है। वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न शहरों में भ्रमण कर बिजलीघरों का निरीक्षण करने और आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

धनतेरस के अवसर पर पीसी ध्यानी और नामित अधिकारियों ने देहरादून के टर्नर रोड, निरंजनपुर, परेड ग्राउंड, बिंदाल, वसंत विहार और आराघर सहित विभिन्न यूपीसीएल एवं पिटकुल बिजलीघरों का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्युत आपूर्ति की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की गई।

इसके अलावा अधिशासी निदेशक (तकनीकी) और सभी मुख्य अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। अधीक्षण अभियंता वीएस राणा को स्काडा नियंत्रण कक्ष, शिखा अग्रवाल को 24 घंटे संचालित उपभोक्ता कॉल सेंटर और अरुण कांत को स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर में निगरानी एवं समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर प्रत्येक उपभोक्ता को सुचारू, सुरक्षित और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान मुख्य अभियंता राहुल जैन, गौरव शर्मा, अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता प्रवेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें