
लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ सड़कों पर उतरे भाजपा नेता और कार्यकर्ता, महेंद्र भट्ट बोले- 2027 में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार
देहरादून, 6 नवंबर। भाजपा ने शुक्रवार को देहरादून में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ विशाल पदयात्रा निकालकर विपक्ष की राजनीति पर तीखा हमला बोला। सर्वे चौक के समीप मंगलादेवी इंटर कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भाग लिया। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और सांसद बांसुरी स्वराज भी शामिल हुए।
पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती और सुशासन के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान कांग्रेस और विपक्षी दलों पर नकारात्मक एवं अराजक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा पर भरोसा जताया है, जबकि कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार चुनावों में मिल रही असफलताओं से हताश होकर संवैधानिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सड़कों पर टकराव की राजनीति कर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है, जो निंदनीय है।
भट्ट ने कहा कि भाजपा संघर्ष और जनआंदोलनों के बीच से निकली पार्टी है। उसके कार्यकर्ता सड़कों पर संघर्ष करके यहां तक पहुंचे हैं। ऐसे में सत्ता के गलियारों में राजनीति करने वाले दल भाजपा को लोकतांत्रिक और अलोकतांत्रिक तरीकों से चुनौती नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर काम करते हैं और जनता का समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित पदयात्राओं में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड की जनता विकास, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खड़ी है। यह जनसमर्थन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का संकेत दे रहा है।
पदयात्रा में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, खजान दास, सतपाल महाराज, भरत चौधरी, सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, देहरादून महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, नेहा जोशी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।






