अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय और महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया, प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में किया प्रदर्शन
देहरादून, 6 नवंबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून आगमन पर प्रदेश महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारे छोड़कर केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों, प्रदेश में महिला सुरक्षा की स्थिति और अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि देश और प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर सवाल बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के शासन में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ आपराधिक घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। दुष्कर्म, छेड़छाड़, अपहरण, घरेलू हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं से महिलाओं में असुरक्षा का माहौल है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। प्रदेश की जनता लगातार इस हत्याकांड में न्याय और दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग कर रही है। उन्होंने मांग की कि हत्याकांड से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए और किसी भी दोषी को संरक्षण न मिले। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रत्येक बेटी के सम्मान और सुरक्षा का सवाल है।
उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज, कार्यस्थल, सार्वजनिक परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। केवल अपराध होने के बाद मुकदमा दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपराध रोकने के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था और जवाबदेह प्रशासन जरूरी है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने महिला हेल्पलाइन और आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाने, थानों में पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। साथ ही पीड़ित महिलाओं को कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश की आंतरिक सुरक्षा के महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करते हैं। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा के सवाल पर केंद्र और राज्य सरकार दोनों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, उर्मिला थापा, पुष्पा पंवार, चंद्रकला नेगी, निधि नेगी, सुशीला शर्मा बेलवाल, अनीता सकलानी, पूनम सिंह, दीपा चौहान, अनुराधा ढींगरा, अनुराधा तिवाड़ी, बबीता सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।







