जुलाई से अक्टूबर तक के एरियर का भुगतान नवंबर के वेतन के साथ नकद होगा
देहरादून 6 नवंबर। दीपावली से पहले उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के अधिकारियों और कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में वृद्धि का तोहफा मिला है। निगम प्रबंधन ने कार्मिकों का महंगाई भत्ता बढ़ाकर मूल वेतन का 63 प्रतिशत करने का आदेश जारी कर दिया है। इस निर्णय से निगम के पूर्णकालिक नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।
निगम की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एक जुलाई 2026 से लागू होगा। उत्तराखण्ड शासन द्वारा जारी शासनादेश के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान नवंबर माह के वेतन के साथ नकद किया जाएगा।
वहीं, एक नवंबर 2026 से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान नियमित मासिक वेतन के साथ किया जाएगा। महंगाई भत्ते में हुई इस वृद्धि से यूपीसीएल के कार्मिकों में खुशी का माहौल है। दीपावली से पहले मिले इस लाभ को कर्मचारियों के लिए आर्थिक राहत और त्योहार की खुशियों को बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।







