अमित शाह और सीएम धामी ने 1475.31 करोड़ की 62 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

44 योजनाओं का शिलान्यास और 18 योजनाओं का लोकार्पण, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और पर्यटन क्षेत्र को मिलेगी मजबूती

देहरादून 6 नवंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम के तहत प्रदेश को 1475.31 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। दोनों नेताओं ने कुल 62 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 1073.11 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का शिलान्यास और 402.20 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शहरी विकास, शिक्षा, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलने के साथ ही आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

ऊर्जा और पेयजल योजनाओं पर विशेष जोर

ऊर्जा विभाग के तहत यूपीसीएल की 472.33 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का शिलान्यास और 77.93 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनसे प्रदेश की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और बिजली संबंधी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी।

पेयजल निगम की 191.17 करोड़ रुपये की आठ योजनाओं का शिलान्यास और 82.03 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं, जल संस्थान की 62.30 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास हुआ। इन कार्यों से विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी।

कुंभ-2027 की तैयारियों को भी मिलेगी गति

लोक निर्माण विभाग की 18.78 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 99.68 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। शहरी विकास विभाग की 92.25 करोड़ रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 10.95 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण हुआ। इनमें हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

शिक्षा, पर्यटन और तकनीकी सुविधाओं का विस्तार

तकनीकी शिक्षा विभाग की 35.06 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 61.98 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण का कार्य शामिल है। पर्यटन विभाग की 43.70 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति से संबंधित कार्य शामिल हैं।

गृह विभाग की 68.27 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसके तहत देहरादून में 31.63 करोड़ रुपये की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र और हल्द्वानी में 36.64 करोड़ रुपये की लागत से अग्निशमन केंद्र के आवासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा।

डेयरी विकास विभाग की 48.21 करोड़ रुपये की योजना के तहत सितारगंज में मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी इकाई का निर्माण होगा। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग की 19.01 करोड़ रुपये की योजना के अंतर्गत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में स्नातकोत्तर खंड का निर्माण किया जाएगा।

इसके अलावा आवास विभाग की 10.59 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 12.48 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया गया। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की 11.44 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास हुआ, जबकि चिकित्सा शिक्षा विभाग की 57.15 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण किया गया।

सरकार का मानना है कि इन विकास योजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें