
राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से साकार हुआ पृथक उत्तराखण्ड का सपना : मुख्यमंत्री
देहरादून 9 नवंबर। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक संघर्ष और संकल्प से पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। इन वर्षों में प्रदेश ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और बलिदान को याद करने के साथ विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प मजबूत करने की प्रेरणा देता है। राज्य की सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। शहीद आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







