
संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह, बादाम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को भोजन में करें शामिल
देहरादून 9 नवंबर ।विश्व मधुमेह दिवस (14 नवंबर) के अवसर पर विशेषज्ञों ने डायबिटीज से बचाव और समय रहते इसकी पहचान के लिए खानपान में सुधार तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया है। इस वर्ष की थीम भी मधुमेह की समय रहते पहचान और इसके जोखिम को कम करने पर केंद्रित है।
द लैंसेट डायबिटीज एंड एंडोक्राइनोलॉजी में वर्ष 2023 में प्रकाशित आईसीएमआर-इंडियाबी अध्ययन के अनुसार, भारत में लगभग 10.1 करोड़ लोग मधुमेह से पीड़ित हैं, जबकि 13.6 करोड़ लोग मधुमेह पूर्व अवस्था में हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक प्रोसेस्ड फूड, मैदा, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट और अधिक चीनी का सेवन इस समस्या को बढ़ाने वाले कारकों में शामिल हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि रोजमर्रा के खानपान में छोटे बदलाव करके बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है। दालें, साबुत अनाज, हरी सब्जियां और बादाम जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ संतुलित आहार का हिस्सा होने चाहिए। बादाम में प्रोटीन और फाइबर पाया जाता है, जो संतुलित भोजन का अच्छा विकल्प है।
मैक्स हेल्थकेयर, दिल्ली की रीजनल हेड-डायटेटिक्स रितिका समद्दार ने कहा कि मधुमेह से बचाव के लिए खानपान में नियमित सुधार जरूरी है। दालों, साबुत अनाज और हरी पत्तेदार सब्जियों के साथ बादाम को आहार में शामिल किया जा सकता है। सबसे महत्वपूर्ण है कि स्वस्थ खानपान को अस्थायी प्रयास के बजाय दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाए।
उन्होंने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और राष्ट्रीय पोषण संस्थान के वर्ष 2024 के आहार संबंधी दिशानिर्देशों का उल्लेख करते हुए बताया कि संतुलित आहार के हिस्से के रूप में पुरुषों को प्रतिदिन 40 ग्राम और महिलाओं को 30 ग्राम नट्स लेने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खानपान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है।







