राज्य स्थापना दिवस पर भी धरने पर बैठी मातृशक्ति, सरकार की संवेदनहीनता शर्मनाक : अभिनव थापर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 140 रुपये प्रतिदिन वृद्धि और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये देने की मांग का कांग्रेस ने किया समर्थन

देहरादून 9 नवंबर। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भी अपनी मांगों को लेकर गांधी पार्क में धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्थन में कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा। उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने धरनास्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को समर्थन दिया।

अभिनव थापर ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी प्रदेश की मातृशक्ति को अपनी मांगों के लिए धरना देना पड़ रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वर्षों से महिला एवं बाल विकास, पोषण और बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में राज्य सरकार अपने स्तर से 140 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि करे और केंद्र सरकार को अतिरिक्त 150 रुपये प्रतिदिन बढ़ाने का प्रस्ताव भेजे। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर बिना किसी अतिरिक्त अर्हता के 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का शासनादेश जारी किया जाए। जब तक शासनादेश जारी नहीं होता, तब तक उनके खाते से प्रस्तावित 300 रुपये प्रतिमाह की कटौती भी नहीं की जाए।

थापर ने कहा कि वर्षों तक सेवाएं देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आर्थिक सुरक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है। कांग्रेस उनकी मांगों के समर्थन में खड़ी है और सरकार से तत्काल सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करती है।

धरने में संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी, कार्यकारी अध्यक्ष सुशीला खत्री, जिला अध्यक्ष तनु बामा, मीडिया प्रभारी गीता चौहान सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और संगठन की पदाधिकारी मौजूद रहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें