हल्द्वानी गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया बंदी छोड़ दिवस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

**दीपों की रोशनी और गुरबाणी कीर्तन से भक्तिमय हुआ गुरुद्वारा परिसर, बड़ी संख्या में संगत ने टेका माथा**

हल्द्वानी 9 नवंबर। दिवाली की पूर्व संध्या पर हल्द्वानी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में बंदी छोड़ दिवस बड़ी श्रद्धा, भव्यता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब को दीपों, मोमबत्तियों, फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया। गुरबाणी की मधुर धुन और कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुरबाणी कीर्तन से हुआ। प्रसिद्ध रागी जत्था भाई प्रभु सिंह ने मधुर एवं भावपूर्ण कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक गुरबाणी का श्रवण किया और गुरु घर में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके बाद हेड ग्रंथी भाई जगमीत सिंह ने हुक्मनामा लिया तथा सर्वबत के भले के लिए अरदास की। अरदास के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादार सरदार अमरजीत सिंह बंटी, सचिव सरदार कंवलजीत सिंह उप्पल, नाटी वीर, बन्नी चंडोक, मलिन कोहली, सन्नी आनंद, प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा, सरपरस्त बलजीत सिंह चंडोक, वीरेंद्र सिंह चड्ढा, परमजीत सिंह कोहली, परविंदर प्रिंस और कोषाध्यक्ष जसपाल सिंह मालदार सहित कमेटी के अन्य सेवादार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि बंदी छोड़ दिवस सिख इतिहास में छठे गुरु श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी की ग्वालियर के किले से 52 राजाओं सहित रिहाई की स्मृति में मनाया जाता है। यह पर्व स्वतंत्रता, मानवता, सेवा और आपसी एकता का संदेश देता है।

Leave a Comment

और पढ़ें