
जवानों का त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री
देहरादून 9 नवंबर ।दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट क्षेत्र में सेना के जवानों से मुलाकात कर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री आवास लौटते समय रास्ते में सेना के जवानों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और जवानों के बीच पहुंचकर आत्मीयता से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जवानों का कुशलक्षेम जाना और मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने के लिए वीर सैनिक दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। जवानों के सतर्क पहरे और अटूट संकल्प के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पाते हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर जब पूरा देश अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाता है, तब हमारे अनेक सैनिक घर-परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। मां भारती की सेवा में समर्पित सैनिकों का त्याग, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों के शौर्य, साहस और समर्पण को नमन करना तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जवानों के सुखद, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए उनके राष्ट्रसेवा के जज्बे को सलाम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड वीरभूमि है और यहां के युवाओं की भारतीय सेना में गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व करता है। सैनिकों का साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।







