एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर शिकंजा,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 28 अक्टूबर। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए मसूरी और देहरादून में सात निर्माण सील किए। कार्रवाई बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के किए जा रहे व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ की गई।

प्राधिकरण के अनुसार मसूरी में घंटाघर रोड स्थित होटल गोल्डन हैवन के पास जगमोहन अत्री के पूर्व निर्मित भवन में बिना मानचित्र स्वीकृति किए जा रहे निर्माण को सील किया गया। संस्कृति लोक कॉलोनी में नदीम अहमद और शहजाद के अवैध व्यावसायिक निर्माण तथा लेन नंबर-1 में चौधरी के निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई हुई।

इसी तरह टर्नर रोड स्थित सी-12 में बजाज डेयरी के पास सुमित के व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया। ओगल भट्टा क्षेत्र में सी-12 टर्नर रोड पर कमलेश तथा रुकसाना/इकबाल के निर्माणों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया गया।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। बिना मानचित्र स्वीकृति या आवश्यक अनुमति के निर्माण को किसी भी स्थिति में नियमों से बाहर नहीं रखा जा सकता। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बिना स्वीकृति व्यावसायिक निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है। भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की गई है कि निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृति और अनुमति प्राप्त करें। नियमों की अनदेखी पर सीलिंग समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें