
देहरादून 28 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा कि गणतंत्र को बचाना है तो चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल नहीं उठना चाहिए। यदि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं तो यह गणतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। वह बुधवार को देहरादून में कांग्रेस के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
अजय कुमार लल्लू ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में सॉफ्टवेयर के माध्यम से मतदाताओं के अधिकारों से छेड़छाड़ की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया की आड़ में एक ही ईपीआईसी नंबर और क्रम संख्या पर मूल मतदाताओं के नाम हटाकर दूसरे नाम जोड़ने का खेल किया गया है। उत्तर प्रदेश की पीलीभीत सदर विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि 16,554 प्रविष्टियों में कथित हेरफेर हुई। इनमें 13,150 प्रविष्टियों में ईपीआईसी नंबर समान रखते हुए नाम बदलने, 884 वैध मतदाताओं के नाम हटाने और 2,600 बाहरी लोगों के नाम जोड़ने का आरोप लगाया।
लल्लू ने कहा कि उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह की तकनीकी गड़बड़ियों के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में होने वाले बदलावों की निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस की ओर से तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, आगामी चुनाव मतपत्रों के माध्यम से कराने और एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने की मांग शामिल है।
उन्होंने कहा कि एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च और रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि इसमें उत्तर प्रदेश से 50 हजार और उत्तराखंड से 25 हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल होंगे।
लल्लू ने नागरिकों से चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपने ईपीआईसी नंबर के माध्यम से मतदाता सूची में नाम की जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बूथ स्तर से लेकर न्यायालय तक मतदाता अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता के मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, प्रशांत खंडूड़ी समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।







