देहरादून में 30 अक्टूबर से सजेगा ‘श्रौत महोत्सव 2026’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 28 अक्टूबर ।उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक कला, हथकरघा, हस्तशिल्प और संगीत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तारा जोशी फाउंडेशन की ओर से ‘श्रौत महोत्सव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिवसीय महोत्सव 30 अक्टूबर से तीन नवंबर तक परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। बुधवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजकों ने महोत्सव की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी दी।

महोत्सव की थीम ‘Celebrating People, Preserving Traditions’ रखी गई है। इसके तहत देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं, लोक संगीत, हस्तशिल्प और हथकरघा को एक मंच प्रदान किया जाएगा। आयोजन में कलाकारों, शिल्पकारों और उभरती प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इसके साथ ही पारंपरिक कला से जुड़ी कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी।

30 अक्टूबर को महोत्सव का भव्य उद्घाटन होगा। आमंत्रण के अनुसार उद्घाटन समारोह में गीता धामी शामिल होंगी। इसके बाद कुलदीप शर्मा के साथ नाटी किंग की पहाड़ी नाइट और डिजिटल मैजिशियन बादशाह का मैजिक शो होगा।
31 अक्टूबर को बॉलीवुड एवं शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति के साथ अजय तोमर की जौनसारी नाइट आयोजित होगी। इस दिन मुख्य अतिथि पंकज त्रिपाठी और विशेष अतिथि मृदुला त्रिपाठी के शामिल होने का उल्लेख किया गया है। ऐपन आर्ट कार्यशाला भी आयोजित होगी।
एक नवंबर को विक्की चौहान पहाड़ी एवं मैशअप संगीत की प्रस्तुति देंगे। महिला स्वास्थ्य और सशक्तीकरण पर टॉक शो के साथ डांडिया नाइट भी होगी। दो नवंबर को रुहान भारद्वाज सूफी और गढ़वाली संगीत की प्रस्तुति देंगे। इसी दिन टैलेंट शो के ऑडिशन और डांडिया नाइट का आयोजन होगा।
तीन नवंबर को ग्रैंड क्लोजिंग सेरेमनी के साथ महोत्सव का समापन होगा। कार्यक्रम में पद्मश्री प्रीतम भरतवाण की प्रस्तुति के साथ टैलेंट शो का फाइनल और विजेताओं का सम्मान किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार महोत्सव सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक कला और लोक संस्कृति को मंच देने के साथ नई पीढ़ी को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

Leave a Comment

और पढ़ें