देहरादून 28 अक्टूबर। भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने उत्तराखंड सरकार के अनुपूरक बजट 2026-27 में महिलाओं से जुड़े प्रावधानों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं के सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। बजट में किए गए प्रावधान महिलाओं की जरूरतों और उनके योगदान को महत्व देने का प्रमाण हैं।
दीप्ति रावत ने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल बातों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार और जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक संबल उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देगा।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली भोजन माताएं शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके मानदेय के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रावधान उनके योगदान के प्रति सम्मान को दर्शाता है। वहीं, निराश्रित विधवा पेंशन के लिए करीब 27 करोड़ रुपये का प्रावधान जरूरतमंद महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास जारी हैं। महिलाओं को अवसर देना, उनके श्रम का सम्मान करना और कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सशक्त उत्तराखंड की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं प्रदेश की शक्ति, संस्कृति और प्रगति की आधारशिला हैं। महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाले प्रयासों से प्रदेश के समग्र विकास को गति मिलेगी। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सम्मानजनक जीवन, आगे बढ़ने के अवसर और आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।








