हरेला पर्व पर “अनंत नन्दा फाउण्डेशन” द्वारा मुन्दोली गांव में वृक्षारोपण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


चमोली 16 जुलाई। हरेला पर्व के पावन अवसर पर “अनंत नन्दा फाउण्डेशन” एवं वन विभाग मुन्दोली रेंज के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम मुन्दोली, विकासखण्ड देवाल में एक व्यापक वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, जल स्रोतों का संरक्षण तथा स्थानीय जैव विविधता को सुरक्षित रखते हुए जनसामान्य में प्रकृति के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देना है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व “अनंत नन्दा फाउण्डेशन” के सूबेदार रघुवीर सिंह बिष्ट ने किया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, स्वयंसेवकों तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित लगभग 50 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर 500 पौधों का रोपण किया। लगाए गए पौधों में बांज, देवदार तथा अन्य स्थानीय एवं पर्यावरण के अनुकूल प्रजातियों के पौधे शामिल हैं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला लोक पर्व है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प ले, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं संतुलित पर्यावरण प्राप्त हो सके।
यह अभियान 30 जुलाई तक प्रतिदिन संचालित किया जाएगा। 15 दिवसीय इस अभियान के अंतर्गत कुल 3,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पौधरोपण किया जाएगा तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे उनका बेहतर विकास हो सके।
“अनंत नन्दा फाउण्डेशन” द्वारा समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण, खेल, शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक जागरूकता एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम संचालित किए जाते रहे हैं। यह वृक्षारोपण अभियान भी समाज एवं प्रकृति के प्रति फाउण्डेशन की प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
वृक्षारोपण की सुंदर पल में वन विभाग के आशीष रावत, बलवीर सिंह, वन बीट अधिकारी लोहाजंग विनोद सिंह डुंगरियाल, प्रदीप, अमित भला, केदार दत्त, तारा सिंह, सूबेदार रघुवीर सिंह, कमला देवी, कलावती, कोमल, मीनाक्षी, निशा, साहिल, धीरज, नितिन, राहुल पुजारी, सूरज पुजारी, मनोज, ग्राम प्रधान भागीरथी देवी, हीरा सिंह, पूरन सिंह, खुशाल सिंह, कुंवर सिंह पुजारी, मोहन सिंह आदि शामिल थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। अनंत नन्दा फाउण्डेशन, वन विभाग तथा स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से प्रारम्भ हुआ यह अभियान क्षेत्र में हरित क्रांति की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल सिद्ध होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें