
पिटकुल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को भी जल्द मिलेगा लाभ : रघुनाथ सिंह नेगी
देहरादून 4 अक्टूबर ।जन संघर्ष मोर्चा के प्रयास के बाद यूपीसीएल में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने के आदेश जारी हो गए हैं। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने इसके लिए प्रमुख सचिव ऊर्जा आर. मीनाक्षी सुंदरम और यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक प्रकाश ध्यानी का आभार जताया है।
नेगी ने कहा कि मोर्चा ने कुछ समय पहले प्रमुख सचिव ऊर्जा से मुलाकात कर यूपीसीएल में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने की मांग उठाई थी। इसके बाद शासन स्तर पर इस संबंध में कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि उपनल कर्मचारियों से संबंधित जनहित याचिका संख्या 116/2018, कुंदन सिंह बनाम उत्तराखंड राज्य व अन्य में उच्च न्यायालय ने उपनल के माध्यम से कार्यरत अथवा प्रायोजित कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन सहित अन्य लाभ दिए जाने के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में शासन ने 3 फरवरी 2026 को सभी विभागों को समान कार्य-समान वेतन दिए जाने के निर्देश जारी किए थे।
नेगी के अनुसार, शासन के निर्देशों के बावजूद ऊर्जा विभाग के तीनों निगमों यूपीसीएल, यूजेवीएनएल और पिटकुल में इन आदेशों का अपेक्षित अनुपालन नहीं हो रहा था। मोर्चा ने इस मुद्दे को शासन के समक्ष उठाया, जिसके बाद यूपीसीएल में कार्यरत पूर्व सैनिकों के लिए समान कार्य-समान वेतन के आदेश जारी हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पिटकुल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को भी जल्द ही समान कार्य-समान वेतन का लाभ मिलने लगेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऊर्जा विभाग के अन्य निगमों में भी शासन के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।








