रुड़की में पनीर निर्माण इकाई पर छापा, प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बनाने का खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दो क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल नष्ट, स्किम्ड मिल्क पाउडर जब्त

हरिद्वार, 4 अक्टूबर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार देर रात रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनेतपुर स्थित पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी कर प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के निर्माण, संग्रह और बिक्री का मामला पकड़ा। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब दो क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर, 20 किलो पामोलीन ऑयल और 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उपायुक्त गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम में सहायक आयुक्त हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभय प्रताप सिंह के सहयोग से पुलिस बल भी कार्रवाई में मौजूद रहा।

जांच के दौरान पनीर निर्माता आजाद पुत्र ईसाक को पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर तैयार करते पाया गया। विभाग के अनुसार, निर्माता ने पूछताछ में पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर तैयार कर बाजार में 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेचने की बात स्वीकार की।

कार्रवाई के दौरान करीब दो क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल को मौके पर नष्ट कराया गया, जबकि 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर को जब्त कर सीज कर दिया गया। प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के निर्माण के कारण निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है।

विभाग ने मौके से खुले पनीर, पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के तीन विधिक नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है। पनीर निर्माता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। टीम में एडीपीओ सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार, योगेंद्र सिंह, परीक्षित, सोनू पुरी तथा महिला कांस्टेबल रोमा और निर्मला शामिल रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें