यूपीजेईए का रजत जयंती समारोह सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। उत्तराखंड पावर जूनियर इंजीनियर एसोसिएशन (यूपीजेईए) ने ऑफिसर्स क्लब, यमुना कॉलोनी में अपनी स्थापना की रजत जयंती धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर ‘शक्ति संदेश’ नामक विशेषांक स्मारिका का विमोचन किया गया, जिसका संपादन संतोष कुमार पांडे और पवन रावत ने किया है। स्मारिका में संगठन के 25 वर्षों के संघर्ष, इतिहास, सदस्यों के लेख और महत्वपूर्ण आदेशों का संकलन शामिल है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी (पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र) ने सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखंड को ‘ऊर्जा प्रदेश’ बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।इस दौरान संस्थापक अध्यक्ष जीएन कोठियाल, संस्थापक उपाध्यक्ष आरके जैन और संस्थापक महासचिव जेसी पंत ने भी संगठन की यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
समारोह में 75 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अखिल भारतीय पावर डिप्लोमा इंजीनियर फेडरेशन से अध्यक्ष आरके त्रिवेदी, कार्यवाहक अध्यक्ष जीबी पटेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अखिल भारतीय डिप्लोमा फेडरेशन के संस्थापक अध्यक्ष सुशील कुमार दीक्षित और अन्य पूर्व पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की।
यूपीजेईए के केंद्रीय अध्यक्ष रविंद्र सैनी ने संस्थापकों के संघर्ष को प्रेरणादायी बताते हुए निस्वार्थ सेवा का आह्वान किया, जबकि केंद्रीय महासचिव नितिन कुमार तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।प्रबंधन की ओर से उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जीएस बुदियाल, उत्तराखंड जल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक एके सिंह तथा पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड के निदेशक पीसी ध्यानी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विशेष योगदान देने वाले पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। संचालन केंद्रीय महासचिव नितिन तिवारी एवं केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन रावत ने किया। इस अवसर पर आनंद रावत, सुनील उनियाल, जगपाल, राहुल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें