चारधाम में यात्रियों की संख्या सीमित न करने के फैसले का स्वागत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 12 अप्रैल। उत्तराखंड सरकार द्वारा चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या सीमित न करने के निर्णय का व्यापक स्वागत किया गया है। पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर चारों धामों से जुड़े तीर्थ पुरोहितों, पुजारियों, होटल एवं ट्रैवल संगठनों ने उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को कपाट खुलने के मौके पर चारधाम आने का आमंत्रण भी दिया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम एवं सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
चारधाम यात्रा से जुड़े संगठनों ने कहा कि सरकार का यह निर्णय प्रदेश की आस्था, अर्थव्यवस्था और पर्यटन गतिविधियों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, परिवहन क्षेत्र और अन्य सेवाओं को व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली को पूरे वर्ष खुला रखने का भी आग्रह किया।
प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए निरंतर कदम उठाती रहेगी। साथ ही प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों की सराहना भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उत्तराखंड चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के अध्यक्ष पं. सुरेश सेमवाल, महासचिव बृजेश सती, ब्रह्मपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत समिति के अध्यक्ष उमेश सती, यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल, उपाध्यक्ष संजीव उनियाल, पुरुषोत्तम उनियाल, चारधाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता, सचिव निखिलेश सेमवाल, यमुना घाटी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा, उत्तरकाशी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूड़ा, केदार घाटी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र नौटियाल, बद्रीनाथ धाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेश ध्यानी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें