देहरादून में ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ का 61वां संस्करण, हजारों ने भरी फिटनेस की उड़ान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 15 फरवरी। परेड ग्राउंड में रविवार को ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के 61वें संस्करण का उत्साहपूर्ण आयोजन हुआ। धुंधली पहाड़ियों और सुनहरी धूप के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने फिटनेस, सामुदायिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण, युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार और सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से हुआ। इसमें 1000 से अधिक साइकिल चालकों—स्कूली छात्रों, युवाओं, पेशेवरों, वरिष्ठ नागरिकों और फिटनेस प्रेमियों—ने भाग लिया। पूरा परिसर ऊर्जा, संगीत और उत्साह से सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर कई दिग्गज खिलाड़ियों की प्रेरक मौजूदगी रही। इनमें भारतीय बॉक्सिंग की उभरती हेवीवेट स्टार नूपुर श्योराण, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी गोलकीपर एवं कोच योगिता बाली, ओलंपियन रेस वॉकर मनीष सिंह रावत, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित बास्केटबॉल खिलाड़ी विशेष भृगुवंशी और तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार से सम्मानित पर्वतारोही ताशी मलिक शामिल रहे। खिलाड़ियों ने प्रतिभागियों से संवाद कर नियमित व्यायाम, अनुशासन और सक्रिय जीवनशैली के महत्व पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि चाहे कोई खिलाड़ी हो या न हो, खेल भावना जीवन में जरूरी है। उन्होंने युवाओं को नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से प्रेरणा लेने की बात कही, जिन्होंने फिटनेस और अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाया है।

‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ पहल की शुरुआत दिसंबर 2024 में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने की थी। तब से यह कार्यक्रम जनआंदोलन का रूप ले चुका है। देशभर में लाखों नागरिक इससे जुड़कर मोटापे और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से लड़ने का संकल्प ले रहे हैं।

साइकिलिंग के साथ प्रतिभागियों ने योग, वार्म-अप ड्रिल और सामुदायिक संवाद में भी हिस्सा लिया। स्थानीय लोगों ने इसे सिर्फ व्यायाम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और स्वस्थ भविष्य की दिशा में बढ़ने का अवसर बताया।

यह आयोजन एक बार फिर साबित करता है कि ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ अब साप्ताहिक कार्यक्रम भर नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय और जागरूक भारत की दिशा में बढ़ता राष्ट्रीय अभियान बन चुका है।

Leave a Comment

और पढ़ें