मुख्यमंत्री धामी से भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर जौनसार-बावर की समस्याएं रखीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


खटीमा, 15 फरवरी । पुष्कर सिंह धामी से रविवार को उनके पैतृक निवास ग्राम नगरा तराई, खटीमा (जनपद उधम सिंह नगर) में भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने राजनाथ सिंह द्वारा प्रेषित पत्र सौंपते हुए जौनसार-बावर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीमती बचना शर्मा लाखामंडल, कर्नल राजीव रावत, ओमप्रकाश तथा युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी घनश्याम सहित उनकी टीम के सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया।
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया और समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जौनसार-बावर के समग्र विकास के लिए तैयार की जा रही योजनाओं की शीघ्र घोषणा की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से विकासनगर से चकराता को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग जजरेड क्षेत्र का मुद्दा उठाया, जहां बरसात के समय हर वर्ष दुर्घटनाओं और जनहानि का खतरा बना रहता है। जाम की समस्या से लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है और किसानों की नगदी फसलों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सड़क सुरक्षा, यातायात सुधार, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
प्रतिनिधि मंडल में पीरू आर्य, शर्मिला, केशव शर्मा सहित कार्यकर्ता भी शामिल थे।

Leave a Comment

और पढ़ें