
देहरादून, 10 मई। उद्योग विभाग राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने रविवार को ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम (MSME), खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी से यमुना कॉलोनी स्थित कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कर्मचारियों ने विभागीय समस्याओं और मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने स्थानांतरण, डीपीसी (पदोन्नति), मृतक आश्रित नियुक्ति, संविदा कर्मचारियों से जुड़े मामलों समेत विभिन्न मुद्दों को विस्तार से रखा। कर्मचारियों ने विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग भी की।
मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सभी मामलों का नीतिगत और न्यायोचित तरीके से समाधान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश भी दिए।उन्होंने कहा कि कर्मचारी किसी भी विभाग की कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उद्योग विभाग राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, सचिव पंकज चौहान, प्रचार मंत्री प्रदीप नेगी, कोषाध्यक्ष सचिन, सदस्य नवीन मलाशी और प्रवीन मल्ल मौजूद रहे।








