4 महार (बोर्डर्स) के पूर्व सैनिकों ने मनाया 78वां स्थापना दिवस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। सेना की 4 महार (बोर्डर्स) के पूर्व सैनिकों ने कृष्णा गार्डन, देहरादून में बटालियन का 78वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक अपने परिवारजनों के साथ शामिल हुए। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, शहीदों को श्रद्धांजलि और महार गान के साथ हुई।
इस अवसर पर बटालियन के पूर्व कमान अधिकारी कर्नल रमेश देवेसर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बटालियन का गौरवशाली इतिहास देश सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक रहा है।
समिति के अध्यक्ष नायक दिनेश गोदियाल ने बताया कि 4 महार (बोर्डर्स) की स्थापना 8 मई 1948 को योल में ईस्ट पंजाब फ्रंटियर स्काउट की पहली बटालियन के रूप में हुई थी। उन्होंने कहा कि पिछले 78 वर्षों में बटालियन ने देश की सीमाओं की सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शांति मिशनों में उत्कृष्ट योगदान दिया है।
उन्होंने बताया कि बटालियन को अब तक वीर चक्र, शौर्य चक्र, सेना मेडल, विशिष्ट सेना मेडल सहित अनेक वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। कार्यक्रम का संचालन कैप्टन जयवीर रावत ने किया।
समारोह में समिति के अध्यक्ष नायक दिनेश गोदियाल और संरक्षक कैप्टन सुजान सिंह ने मुख्य अतिथि का पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में सेना के सेवाकाल की यादें साझा करते हुए पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए तंबोला और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर सूबेदार क्लर्क वाईडी शर्मा, कैप्टन शैलेन्द्र रावत, सूबेदार सुरेन्द्र रावत, हवलदार महेन्द्र सिंह, कैप्टन प्रकाश चंद, कैप्टन नरेन्द्र कुमार, कैप्टन विजयानन्द खण्डूरी, हवलदार राकेश कुमार, सूबेदार विनोद नेगी, सूबेदार रूप सिंह, सूबेदार मनमोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें