चंपावत प्रकरण में कांग्रेस पर भाजपा का हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 8 मई। भारतीय जनता पार्टी ने चंपावत प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे पूरे घटनाक्रम में “षड्यंत्रकारी भूमिका” निभाने का आरोपी ठहराया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि कथित दुष्कर्म प्रकरण की आड़ में कांग्रेस द्वारा भाजपा संगठन और सरकार की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।

प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दीप्ति रावत ने कहा कि पुलिस जांच और संबंधित नाबालिग के बयानों से यह स्पष्ट हो चुका है कि पूरा मामला बदले की भावना से रची गई सुनियोजित साजिश का हिस्सा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने बिना तथ्यों की पुष्टि किए भाजपा कार्यकर्ताओं और सरकार को बदनाम करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में जिस व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है, वह कांग्रेस से जुड़ा बताया जा रहा है और लगातार अपने बयान बदल रहा है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राजनीतिक महत्वाकांक्षा और चुनावी लाभ के उद्देश्य से यह घटनाक्रम खड़ा किया गया।
दीप्ति रावत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी नेतृत्व से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़े संवेदनशील मामलों में राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी से भी अपील की कि एक महिला होने के नाते वे अपने प्रदेश नेतृत्व के “महिला विरोधी कृत्यों” पर संज्ञान लें और उनसे माफी मंगवाएं।
भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार भाजपा और राज्य सरकार की छवि खराब करने के लिए झूठे मुद्दे उठाने का प्रयास कर रही है। दीप्ति रावत ने पूर्व की कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पहले भी भाजपा नेताओं और सरकार को निशाना बनाने के लिए कथित तौर पर भ्रामक आरोप लगाए गए।
उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया जारी है और जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी लोगों के नाम सामने आएंगे। भाजपा ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकार वार्ता में रुचि भट्ट, कमलेश रमन, डॉ. दिव्या नेगी और लक्ष्मी अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें