हरिद्वार, 14 फरवरी। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत राज्य संपत्ति विभाग के सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने मायापुर स्थित अटल बिहारी वाजपेई राजकीय अतिथि गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण में कई कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित विभागों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान छत से पानी टपकने और कुछ कमरों में सीलन की समस्या पाई गई। इस पर सचिव आवास ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराने को कहा। विद्युत व्यवस्था में भी जरूरी सुधार समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अतिथि गृह में रखे पुराने व अनुपयोगी फर्नीचर को नियमानुसार नीलामी के माध्यम से हटाने के लिए कहा, ताकि परिसर को सुव्यवस्थित कर बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ के मद्देनजर अतिथि गृहों की व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए, जिससे आने वाले अतिथियों और अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सचिव आवास ने रूम, डोरमेट्री, पार्किंग, डाइनिंग हॉल, किचन, मीटिंग हॉल और वीआईपी कक्ष का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर अपर सचिव राज्य संपत्ति लक्ष्मण सिंह, अधिशासी अभियंता दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत यांत्रिक खंड पंकज नयाल, व्यवस्था अधिकारी गिरधर प्रसाद बहुगुणा, वरिष्ठ सहायक संजय कुमार सिंह, अनिल सती समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









