देहरादून 14 फरवरी ।
जेपी नड्डा ने भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को जीत की कुंजी बताया और कार्यकर्ताओं से 2027 के मिशन में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने विकास कार्यों की उपलब्धियों के लिए पुष्कर सिंह धामी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि इन्हें जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा।
मीडिया ब्रीफिंग में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों और सरकार के कामकाज की विस्तार से समीक्षा की गई। नड्डा ने एकजुट होकर काम करने और आगामी विधानसभा चुनाव में पहले से बड़ी जीत हासिल करने के लिए रणनीतिक मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने कहा कि बैठक में तीन प्रमुख बिंदुओं पर विशेष चर्चा हुई—सरकार-संगठन समन्वय को और मजबूत करना, उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार और बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती। इसकी शुरुआत 17 फरवरी को मुख्यमंत्री के साथ होने वाली संगठनात्मक बैठक से होगी, जिसमें प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और सह प्रभारी शामिल होंगे।
भट्ट ने बताया कि मंडल और बूथ स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन तथा बीएलओ बैठकों के जरिए कमजोर बूथों पर विशेष फोकस किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य पिछले चुनाव में हारे गए बूथों के परिणाम बदलना है। इसके अलावा 23 मार्च को प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर विशाल रैली आयोजित करने की तैयारी है, जिसके लिए प्रधानमंत्री या गृहमंत्री से समय मांगा जाएगा।
17 फरवरी से प्रशिक्षण महाअभियान भी शुरू होगा। पहले प्रदेश स्तरीय कार्यशाला होगी, इसके बाद मंडल और जिला स्तर तक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। कोर कमेटी में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े अभियानों समेत विभिन्न आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी के अलावा केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कल्पना सैनी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
जॉलीग्रांट स्थित कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, ऋषिकेश जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।









