
पुष्कर सिंह धामी ने 295.21 करोड़ की 61 योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
रुद्रपुर, 14 फरवरी। गांधी पार्क में आयोजित उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का शुभारम्भ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 295.21 करोड़ रुपये लागत की 61 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने 123.91 करोड़ रुपये की 26 योजनाओं का लोकार्पण किया, जिनमें चिकित्सा, लोक निर्माण, नगर निगम रुद्रपुर, पशुपालन, संस्कृति, सिंचाई, खेल, शिक्षा, नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी और नगर पालिका परिषद बाजपुर की परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही 171.30 करोड़ रुपये की 35 योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें लोक निर्माण विभाग, नगर निगम रुद्रपुर, पशुपालन, शिक्षा और ग्रामीण निर्माण विभाग की योजनाएं प्रमुख हैं।
पांच बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं—
मानसखंड कॉरिडोर के तहत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए भव्य शिव प्रतिमा की स्थापना।
नगर निगम रुद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास निर्माण।
भूरारानी व गंगापुर रोड का चौड़ीकरण।
अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक सड़क निर्माण।
गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करना।
शिव बारात में शामिल हुए मुख्यमंत्री
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया, कांवड़ियों के पैर पखारे और उन्हें अंगवस्त्र व पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद वे त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक निकली शिव बारात में शामिल हुए। रास्ते भर विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
विकास की नई ऊंचाइयों की ओर रुद्रपुर
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं रुद्रपुर को विकास, विश्वास और भविष्य की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है और सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल समेत बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर बाईपास, चार लेन सड़कों, मानूनगर-गदरपुर से हल्द्वानी मार्ग के चौड़ीकरण, रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण, मास्टर ड्रेनेज प्लान, पिंक टॉयलेट, कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने किच्छा में एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर हवाईअड्डे के विस्तार, खेल सुविधाओं, औद्योगिक परियोजनाओं और जमरानी बांध बहुउद्देशीय योजना को भी क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर बताया।
बंगाली समाज को मालिकाना हक
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नजूल भूमि पर बसे बंगाली समाज के परिवारों को मालिकाना हक देने का ऐतिहासिक काम किया है और जाति प्रमाण पत्र से “पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित” शब्द हटाने का निर्णय लेकर भेदभाव समाप्त किया।
सख्त कानून और पारदर्शिता
उन्होंने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू कर व्यवस्था को पारदर्शी बनाया गया है। पिछले वर्षों में हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई और नकल माफियाओं व भ्रष्ट अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की गई।
स्टॉलों का निरीक्षण, सूत भी काता
मुख्यमंत्री ने सरस मेले में लगे स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दीये बनाए और चरखे पर सूत भी काता।
जनप्रतिनिधियों ने रखा क्षेत्र का विकास विजन
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा और महापौर विकास शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और जिले में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न मांगें भी रखीं।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सरस मेले की स्टार नाइट में शिव जागरण का दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया। बड़ी संख्या में नागरिक, अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।









