पुलिस मुख्यालय का घेराव, कानून व्यवस्था न सुधरी तो उग्र आंदोलन: कांग्रेस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 14 फरवरी।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय का घेराव कर सरकार को चेतावनी दी। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि जल्द हालात नहीं सुधरे और लगातार हो रही हत्याओं पर अंकुश नहीं लगा, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किया। उनके साथ चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत भी मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से मार्च करते हुए पुलिस मुख्यालय पहुंचे और पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि राजधानी देहरादून समेत विभिन्न जनपदों में दिन-दहाड़े हो रही हत्याओं और गंभीर अपराधों से आमजन में भय और असुरक्षा का वातावरण है। देवभूमि की छवि वाले राज्य में अपराधियों के बढ़ते हौसले इस बात का संकेत हैं कि कानून का डर कम होता जा रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले पंद्रह दिनों में पांच जघन्य हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन सभी मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है।
पार्टी ने मांग की कि संवेदनशील और अपराध-प्रवण इलाकों में विशेष पुलिस अभियान चलाया जाए, संगठित अपराध और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, हर गंभीर घटना की समयबद्ध उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाए। आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने पर भी जोर दिया गया।प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने प्रदेश कांग्रेस की ओर से ज्ञापन को पठित रूप में प्रेषित किया। घेराव कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें