वैलेंटाइन डे पर रिश्तों के इजहार में धरती को दिया पौधों का उपहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून। वैलेंटाइन डे के अवसर पर जहां एक ओर लोग गुलाब, चॉकलेट और अन्य उपहारों के माध्यम से अपने प्रेम का इजहार करते हैं, वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए त्रिलोक चंद्र सोनी के सौजन्य से “मेरा पेड़–मेरा दोस्त” अभियान के तहत पीएम श्री राजकीय इण्टर कॉलेज आईडीपीएल में वृहद पौधारोपण कर नई परंपरा की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में पुलवामा आतंकी हमला में शहीद हुए जवानों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
वृक्षमित्र डॉ. सोनी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में रिश्तों की अहम भूमिका होती है। पहले नए रिश्तों की शुरुआत बड़े-बुजुर्ग शगुन और आशीर्वाद से कराते थे, इसलिए वे संबंध लंबे समय तक निभते थे। आज पाश्चात्य प्रभाव में युवा गुलाब के फूल से रिश्तों की शुरुआत कर रहे हैं, लेकिन वे उतने स्थायी नहीं रह पा रहे। उन्होंने अपील की कि जैसे पौधों की जड़ें मजबूत होती हैं, वैसे ही हमें अपने संबंधों की जड़ों को भी मजबूत बनाना चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनते हुए अपनी परंपराओं को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैलेंटाइन डे के दिन विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर विद्यार्थियों ने प्रकृति प्रेम और जिम्मेदारी का संदेश दिया है।
इस दौरान नरेंद्र सिंह रावत, नरेंद्र सिंह गुलेरिया, ललित मोहन जोशी, मनोज कुमार गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-छात्र मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें