देहरादून, 5 नवंबर। राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर बुधवार से पवेलियन ग्राउंड, देहरादून में राज्य स्तरीय अंडर-17 बालक वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जनपदों के साथ दो स्पोर्ट्स कॉलेज और दो हॉस्टल की टीमें शामिल हैं।
मुख्य अतिथि खेल मंत्री रेखा आर्या ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब उत्तराखंड के खिलाड़ी देश-दुनिया में देवभूमि के ब्रांड एंबेसडर के रूप में अपनी पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है — पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नौकरी, सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत आरक्षण और आकर्षक नगद पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं।
रेखा आर्या ने कहा, “खेल के क्षेत्र में युवाओं के कैरियर और भविष्य की चिंता अब सरकार की जिम्मेदारी है।” उन्होंने सिक्का उछालकर और किक लगाकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
पहले दिन कुल छह रोमांचक मुकाबले खेले गए। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी रविंद्र भंडारी, वरिष्ठ फुटबॉलर राजेंद्र सिंह रावत, खेल प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित थे।








