गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत : राज्यपाल गुरमीत सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रीठा साहिब पहुंचे राज्यपाल — गुरु नानक देव जी की जयंती पर मत्था टेक देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

चंपावत, 05 नवंबर ।उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) बुधवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर चंपावत जनपद पहुंचे। उन्होंने सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की जयंती (प्रकाश पर्व) के पावन अवसर पर जनपद के प्रसिद्ध सिख तीर्थ स्थल गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में पहुंचकर मत्था टेका और देश-प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।रीठा साहिब आगमन पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस बल द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में दरबार साहिब के दर्शन और अरदास के उपरांत राज्यपाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर रीठा साहिब की पवित्र भूमि पर पहुंचना उनके लिए सौभाग्य और प्रेरणादायक क्षण है। उन्होंने कहा, “गुरु नानक देव जी के चरणों की यह भूमि दिव्यता और आत्मिक शांति से परिपूर्ण है, यहाँ आकर मन को अलौकिक शांति की अनुभूति होती है।”राज्यपाल ने कहा कि यह तीर्थस्थल केवल सिख समाज के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र है। गुरु नानक देव जी के उपदेश — “नाम जपो, किरत करो और वंड छको” — मानव जीवन के आदर्श सिद्धांत हैं, जो सत्य, परिश्रम, सेवा और सहयोग के प्रतीक हैं।उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सिख धर्म के कई पवित्र तीर्थ स्थलों से सुसज्जित है, जिनमें रीठा साहिब का विशेष स्थान है। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेम, सहिष्णुता, समरसता और भाईचारे की दिशा में अग्रसर करती हैं।दर्शन और अरदास के उपरांत राज्यपाल ने गुरुद्वारे परिसर में आयोजित लंगर में सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी लोग गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएं।  कार्यक्रम के दौरान बाबा श्याम सिंह (प्रबंधक), जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अजीत पाल सिंह, हरबिन्दर सिंह, सरदार मलकीत सिंह, दिलबाग सिंह बग्गा, मंदीप सिंह, रणजीत सिंह, सोनू बोहरा (जिला पंचायत सदस्य) सहित श्रद्धालु, संगत एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे ।

Leave a Comment

और पढ़ें