देहरादून, 8 जुलाई। उत्तराखंड में 9 और 10 जुलाई को भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने जिलाधिकारियों को राहत एवं बचाव व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश जारी किए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा।
10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा।
एसईओसी ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने, सड़क मार्गों की स्थिति पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों तथा बरसाती गधेरों के पास न जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही सभी संबंधित विभागों को 24×7 सतर्क रहते हुए आवश्यक संसाधन और मानवबल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।





