आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के भविष्य की बुनियाद रखने वाले महत्वपूर्ण केंद्र : रेखा आर्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में 202 लाभार्थियों को किट वितरित, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और आशा बहनें सम्मानित

हरिद्वार, 26 सितंबर। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में माताओं, बहनों, किशोरियों और बच्चों से संवाद किया। उन्होंने फेरुपुर न्याय पंचायत के चांदपुर प्रथम, द्वितीय और तृतीय आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर महिलाओं और बच्चों की समस्याएं सुनीं।

कार्यक्रम के दौरान 202 लाभार्थियों को महालक्ष्मी, तेजस्विनी, रोजगार और पोषण किट सहित विभिन्न लाभकारी किट वितरित की गईं। अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को भी सम्मानित किया गया।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में उनका योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी बहनें सरकार और लाभार्थी परिवारों के बीच सेतु का कार्य कर रही हैं।

सात महिलाओं की हुई गोद भराई, बच्चों का कराया अन्नप्राशन

कार्यक्रम में सात महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी कराई गई। इसके साथ ही नन्हे-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के महत्व को लेकर भी महिलाओं से संवाद किया गया।

आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का किया शुभारंभ

मंत्री रेखा आर्या ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ भी किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों से केंद्र में होने वाली किसी भी असुविधा के बारे में जानकारी ली। मंत्री को अपने बीच बैठकर भोजन करते देख बच्चे उत्साहित नजर आए।

रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल सरकारी योजनाओं के संचालन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों के भविष्य की बुनियाद रखने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि इन योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों की भूमिका अहम है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदोरिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता शर्मा, सुलेखा सहगल, वर्षा शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राकेश सैनी सहित विभागीय अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें