भाजपा के 22 प्रकोष्ठों की कार्यशाला में संगठन विस्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला एवं मंडल स्तर तक प्रकोष्ठों के विस्तार पर जोर, जनसंपर्क और सोशल मीडिया गतिविधियां बढ़ाने का आह्वान

देहरादून, 26 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के सभी 22 प्रकोष्ठों की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला शनिवार को आयोजित हुई। कार्यशाला का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणिंद्र नाथ दत्त शर्मा, प्रदेश प्रकोष्ठ समन्वयक कौस्तुभानंद जोशी और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यशाला में सभी 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और सह-संयोजक शामिल हुए। इस दौरान प्रकोष्ठों की ओर से पूर्व में किए गए कार्यक्रमों की जानकारी दी गई और आगामी अभियानों व कार्यक्रमों की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। प्रदेश से लेकर जिला और मंडल स्तर तक इनके विस्तार के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों के लोगों को संगठन से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठों के कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों से संगठन को और मजबूत किया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री संगठन फणिंद्र नाथ दत्त शर्मा ने प्रत्येक प्रकोष्ठ को अपने क्षेत्र के अनुरूप अलग-अलग कार्यक्रम और अभियान तय करने का आह्वान किया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रकोष्ठों की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने तथा सरकार और संगठन के कार्यों, नीतियों एवं संदेशों को आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

प्रदेश प्रकोष्ठ समन्वयक कौस्तुभानंद जोशी ने आगामी दिनों में प्रत्येक जिले में प्रकोष्ठों की कार्यशालाएं आयोजित करने के लिए जल्द कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। उन्होंने जिला और मंडल स्तर पर प्रकोष्ठों का गठन कर उन्हें सक्रिय करने तथा समयबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा माह के तहत आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में सक्रिय एवं व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

कार्यशाला में प्रदेश प्रकोष्ठ के सह-समन्वयक सचिन अग्रवाल, सरिता त्रिपाठी, विकल खूब सिंह विकल सहित सभी प्रदेश संयोजक, सह-संयोजक और जिला स्तर के समन्वयक मौजूद रहे। कार्यशाला के माध्यम से प्रकोष्ठों को संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, जिला एवं मंडल स्तर तक विस्तार करने, सोशल मीडिया के जरिए गतिविधियों को प्रचारित करने और सरकार व संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का आह्वान किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें