सर्दियों में उत्तराखंड को केंद्रीय पूल से मिलेगी 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 26 सितंबर ।सर्दियों के दौरान उत्तराखंड में बढ़ने वाली बिजली की मांग को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य के लिए केंद्रीय क्षेत्र के विद्युत उत्पादन केंद्रों के अनावंटित पूल से अतिरिक्त बिजली आवंटित करने को मंजूरी दी है। यह अतिरिक्त बिजली आवंटन एक अक्तूबर 2026 से प्रभावी होगा और मार्च 2027 तक जारी रहेगा।

केंद्र के आदेश के अनुसार अक्तूबर में उत्तराखंड को पांच मेगावाट, नवंबर में आठ मेगावाट, दिसंबर में 16 मेगावाट, जनवरी 2027 में 19 मेगावाट, फरवरी में 16 मेगावाट और मार्च में नौ मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलेगी। इस तरह छह माह की अवधि में राज्य को कुल 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की सर्दियों की विद्युत आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त बिजली आवंटित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिरिक्त बिजली मिलने से सर्दियों के दौरान प्रदेश में बढ़ने वाली मांग को पूरा करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें