
देहरादून, 8 जुलाई। देहरादून शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या के समाधान के लिए परेड ग्राउंड के नीचे अंडरग्राउंड पार्किंग बनाने की योजना पर काम तेज हो गया है। बुधवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में आयोजित बैठक में परियोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पार्किंग के साथ परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को जोड़कर एक बड़े ओपन ग्रीन स्पेस के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय ने परेड ग्राउंड अंडरग्राउंड पार्किंग के डिजाइन का प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए डबल बेसमेंट का विकल्प अपनाया जा सकता है। साथ ही पार्किंग में अधिक से अधिक प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएं, ताकि लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिले और सुरक्षा भी बेहतर हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को जोड़ते समय कोई नया स्थायी निर्माण न किया जाए, बल्कि पूरे क्षेत्र को एक बड़े खुले और हरित सार्वजनिक पार्क के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए सभी हितधारकों से परामर्श लेने और परियोजना को समग्र पैकेज के रूप में तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सचिवालय परिसर में प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग के डिजाइन पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पार्किंग क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। इसके अलावा राजपुर रोड पर एलिवेटेड पार्किंग की संभावना को लेकर भी डिजाइन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, देहरादून के सीडीओ अभिनव शाह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





