
देहरादून 9 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठक में बैंकों को ऋण-जमा (सीडी) अनुपात बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन जनपदों में ऋण-जमा अनुपात कम है, वहां नियमित रूप से ऋण शिविर आयोजित कर पात्र लोगों को बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बागेश्वर, पौड़ी, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और टिहरी जनपदों में कम ऋण-जमा अनुपात पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों से इन जिलों में स्थिति सुधारने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर शीघ्र परिणाम सुनिश्चित करने को कहा।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आम नागरिकों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को बैंक ऋण प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।





