78वें स्थापना दिवस पर अभाविप ने मनाया राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस, देशभर में हुए विविध कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी 9 जुलाई।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपने 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को देशभर में राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस मनाया। इस अवसर पर विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विभिन्न इकाइयों में संगोष्ठियां, युवा संवाद, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, करियर मार्गदर्शन, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में लाखों विद्यार्थियों ने भाग लेकर राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अभाविप ने विद्यार्थियों को संगठन के विभिन्न रचनात्मक अभियानों—सेवार्थ विद्यार्थी, विकासार्थ विद्यार्थी, राष्ट्रीय कला मंच, शोध आयाम, खेलो भारत, मिशन साहसी और एसईआईएल—से परिचित कराया। साथ ही आगामी वर्ष के लिए ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’, ‘SEIL@60’, ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’, आपातकाल विरोध के 50 वर्ष, श्री गुरु तेगबहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष और संत रविदास जी के 650वें प्राकट्योत्सव वर्ष जैसे राष्ट्रव्यापी अभियानों की रूपरेखा भी साझा की गई।
अभाविप ने कहा कि 78 वर्षों की यात्रा में संगठन ने छात्र हितों के साथ शिक्षा सुधार, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला, अनुसंधान और व्यक्तित्व निर्माण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है। संगठन के अनुसार, 77 लाख से अधिक सक्रिय सदस्यों के साथ अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित ‘वसुंधरा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को राष्ट्र पुनर्निर्माण से जोड़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, चरित्र, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को अपनाते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “विद्यार्थी केवल भविष्य के नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान के राष्ट्रनिर्माता हैं।”

Leave a Comment

और पढ़ें