आप्टेल इंडिया में बही कविता की रसधार, दर्शन कुमार तोमर रहे प्रथम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

**देशभर के कर्मचारियों ने काव्य पाठ प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा, महेंद्र सिंह कामा और कमल उप्रेती संयुक्त रूप से रहे दूसरे स्थान पर**

देहरादून 19 नवंबर ।आप्टेल इंडिया लिमिटेड में आयोजित काव्य पाठ प्रतियोगिता में कविता, साहित्य और संवेदनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता में देशभर से संस्थान के कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा की महत्ता, सामाजिक विसंगतियों और समसामयिक विषयों के साथ मां-पिता के प्रति भावनाओं को अपनी कविताओं के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में दर्शन कुमार तोमर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महेंद्र सिंह कामा और कमल उप्रेती संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। राजमोहन पांडेय ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, ऋषिदेव आर्य, अरुण कश्यप, मीनू बतरा, मनोज कुमार पसबोला और वीएस चौधरी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

प्रतिभागियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हिंदी भाषा और संस्थान के प्रति गौरव की भावना व्यक्त की। सामाजिक विसंगतियों पर व्यंग्यात्मक रचनाओं के साथ मां और पिता को समर्पित कविताओं ने श्रोताओं को भावुक भी किया।

मुख्य निर्णायक वरिष्ठ पत्रकार एवं शायर दर्द गढ़वाली ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कविता के भाव, शब्दों की प्रभावशीलता और प्रस्तुति के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे। उन्होंने मुक्तक और गजलें भी सुनाईं। निर्णायक मंडल की सदस्य डॉ. कंचन नेगी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रभारी राजभाषा आदित्य भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर आप्टेल इंडिया के उप महाप्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी विवेक कौशिक ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य संस्थान में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ कर्मचारियों की साहित्यिक अभिरुचि और रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें