देहरादून, 11 अप्रैल ।
देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण तथा गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर को टोल-मुक्त रखने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार मंगलवार को सुबह 5:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक इन टोल प्लाजा से गुजरने वाले सभी निजी, व्यावसायिक और अन्य वाहनों से किसी भी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सीमावर्ती और पर्वतीय जनपदों से बड़ी संख्या में बसों और निजी वाहनों के आने की संभावना है। ऐसे में टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से जाम की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
डीएम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है। इस अवधि में फास्टैग से भी किसी प्रकार का टोल शुल्क नहीं काटा जाएगा और सभी वाहन नि:शुल्क आवागमन कर सकेंगे।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात का दबाव कम होगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।







