तुलाज़ इंटरनेशनल स्कूल का 13वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘शिव शक्ति-द इटरनल यूनियन’ की भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन, मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को किया सम्मानित

देहरादून, 5 नवंबर। तुलाज़ इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को 13वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘शिव शक्ति-द इटरनल यूनियन’ रखी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, नाटक और संवाद के माध्यम से भगवान शिव और देवी शक्ति की दिव्य गाथा प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह का शुभारंभ कला एवं मिट्टी शिल्प प्रदर्शनी, अभिभावक कार्निवल और विज्ञान प्रदर्शनी के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने इन आयोजनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और वैज्ञानिक नवाचार का प्रदर्शन किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। तनिषा जून ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए समारोह की थीम के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान शिव और शक्ति के माध्यम से भक्ति, सामर्थ्य, परिवर्तन तथा चेतना और ऊर्जा के शाश्वत सामंजस्य का संदेश दिया।

कार्यक्रम में तुलाज़ ग्रुप के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुनील कुमार जैन, सचिव संगीता जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सह-संस्थापक रौनक जैन, डायरेक्टर जनरल एवं सह-संस्थापक सिल्की जैन मारवाह, प्रतीक मारवाह, डॉ. राघव गर्ग सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य रमन कौशल, उप प्रधानाचार्य संजय शर्मा, डॉ. वरिंदर कौर, संदीप दत्ता और संतोष जोशी मौजूद रहे।

मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

समारोह में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहा। विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और अन्य क्षेत्रों में उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

छात्रों में उत्कर्ष सराफ को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अगम जैन को सर्वाधिक सुधार, अभिजीत कुमार को युवा विद्वान, आदित्य कुमार को वर्ष का उत्कृष्ट विद्यार्थी, ऋषि अग्रवाल को सामाजिक जिम्मेदारी, ऋषित राज को वक्तृत्व कला, तन्मय जांगिड़ को विद्यार्थी नेतृत्व, शोभित वर्मा को संस्थापक उत्कृष्टता और साइमन डिनोडिया को शिक्षणेत्तर क्षेत्र में उत्कृष्टता का पुरस्कार दिया गया।

छात्राओं में ग़ज़ल छाबड़ा, अद्वितिया प्रताप सिंह, अनिका गुलाबदास गुप्ता, आकृति लोढ़ा, अक्षरा सिंह, वृंदा गिडवानी, अग्रिमा सहगल और मेहरुनिशा बजगाई को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

शिक्षकों और कर्मचारियों को भी मिला सम्मान

विद्यालय के प्रधानाचार्य रमन कौशल, डीन ऑफ आईटी संतोष कुमार जोशी, संगीत शिक्षक अतुल कुमार, महेश सेमवाल, परचेज ऑफिसर प्रमोद राठी, फुटबॉल प्रशिक्षक राहुल सेठवाल, बास्केटबॉल प्रशिक्षक मनीष रघुवंशी और ताइक्वांडो प्रशिक्षक मोहम्मद उमर सिद्दीकी को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

शैक्षणिक उपलब्धियों में विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत अंक दिलाने वाले शिक्षकों को भी विशेष सम्मान मिला। मनोविज्ञान विषय में स्वाति थापा के विद्यार्थी प्रिशा सेठी और काश्वी खटोलिया ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। गणित में श्रेया शर्मा के विद्यार्थी जस्टिन इरोम ने पूर्णांक हासिल किए। इसी तरह आकाशदीप सिंह रावत के विद्यार्थियों आरवी कुंत और जस्टिन इरोम ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय में 100 अंक प्राप्त किए। अंग्रेजी विषय में विपिन रावत के विद्यार्थियों अवनी और श्रेयशी ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत अंक हासिल किए। डीन ऑफ एक्टिविटीज एंड एलुमनी संदीप दत्ता को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस दौरान हेड गर्ल अक्षरा सिंह ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में विद्यालय की वर्षभर की प्रगति की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में हेड बॉय तन्मय जांगिड़ ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

समारोह का समापन ‘शिव शक्ति-द इटरनल यूनियन’ की भव्य नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुआ। संगीत, नृत्य, नाटक और आकर्षक दृश्य संयोजन के जरिए विद्यार्थियों ने शिव और शक्ति की दिव्य गाथा को जीवंत किया। चेतना और ऊर्जा के शाश्वत संबंध को दर्शाती इस प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी और स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें