मुख्यमंत्री धामी से भाजपा नेता ने किया अनुरोध, आठ बार विधायक रहकर बनाया था जीत का रिकॉर्ड
देहरादून, 5 नवंबर। भाजपा प्रदेश संयोजक (निकाय प्रकोष्ठ) सचिन गुप्ता ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय हरबंस कपूर को मरणोपरांत उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से विशेष अनुरोध किया है।
सचिन गुप्ता ने कहा कि हरबंस कपूर का उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक का राजनीतिक और सामाजिक जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। उनकी छवि दोनों राज्यों की राजनीति में स्वच्छ और निष्कलंक रही। उन्होंने लगातार आठ बार विधानसभा चुनाव जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई थी, जिसके चलते उन्हें ‘अजय विधायक’ के नाम से जाना जाता था।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण से पहले उत्तर प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों की समस्याओं और वहां के लोगों की आवाज को कपूर ने प्रमुखता से उठाया। राज्य निर्माण के बाद भी उन्होंने उत्तराखंड के विकास और जनहित के मुद्दों पर लगातार काम किया। उनका सादगीपूर्ण जीवन, समाज के प्रति समर्पण और युवाओं का मार्गदर्शन आज की राजनीति के लिए प्रेरणास्रोत है।
गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026 के लिए विभिन्न क्षेत्रों की 15 विभूतियों का चयन किया गया है। इस सूची में स्वर्गीय हरबंस कपूर का नाम शामिल किया जाना उनके दशकों के योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से कपूर को मरणोपरांत यह सम्मान प्रदान करने के प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है।







