
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स और भोजन माताओं को किया सम्मानित
अभिनव थापर बोले—महिलाओं के संघर्ष और योगदान को उचित सम्मान दिलाना कांग्रेस की प्रतिबद्धता
देहरादून, 5 नवंबर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित रॉयल इन पैलेस वेडिंग पॉइंट में उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अभिनव थापर की ओर से मातृशक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स, भोजन माताओं और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अभिनव थापर ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उन महिलाओं में निहित है, जो बिना किसी पद या पहचान की अपेक्षा के दिन-रात समाज की सेवा में जुटी रहती हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाती हैं। वहीं आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। भोजन माताएं विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और भविष्य को संवारने में योगदान देती हैं।
उन्होंने कहा कि इन महिलाओं के योगदान के बिना स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त समाज की कल्पना अधूरी है। कांग्रेस समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर उनके योगदान और संघर्ष को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। मातृशक्ति का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब उनके संघर्ष को समझने के साथ उनके अधिकारों की आवाज भी उठाई जाए और उन्हें उचित पहचान दिलाई जाए।
समारोह में आशाओं की प्रदेश अध्यक्ष शिवा दुबे, अनीता दास, विमलेश वर्मा, कामिनी कश्यप, राखी गुप्ता, उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिला संयोजिका मधु पुंडीर, जिला अध्यक्ष तन्नू बम्बा, मीडिया प्रभारी गीता चौहान, सविता पुंडीर, संगीता भट्ट, सुनीता, निर्मला शर्मा और रीटा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ओबीसी विभाग की राष्ट्रीय समन्वयक पिया थापा, पार्षद संगीता गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सोशल मीडिया विभाग के महानगर अध्यक्ष गुरचरण कौशल, मधुसूदन सुंदरियाल और स्वाती नेगी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भारती जोशी ने किया। अंत में अभिनव थापर ने सभी अतिथियों और सम्मानित महिलाओं का आभार व्यक्त किया।







