
मुंबई 22 सितंबर ।टेलीविजन अभिनेत्री रश्मि देसाई करीब आठ साल बाद धारावाहिकों की दुनिया में वापसी कर रही हैं। उनका नया शो ‘सयोनी’ आज, 23 सितंबर से शुरू होगा। रश्मि देसाई के साथ जाह्नवी सोनी और गौतम सिंह विग मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। धारावाहिक का प्रसारण हर शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।
सरगुन मेहता और रवि दुबे के निर्माण संस्थान ड्रीमियाता एंटरटेनमेंट के बैनर तले बने इस धारावाहिक की कहानी भरोसे, बराबरी और एक-दूसरे का साथ निभाने वाले प्रेम के इर्द-गिर्द बुनी गई है। कहानी में जाह्नवी सोनी सानवी और गौतम सिंह विग आदित्य की भूमिका निभा रहे हैं। सानवी अपनी मां का प्यार पाने की चाह रखती है। उसकी जिंदगी में आदित्य ऐसे साथी के रूप में आता है, जो उसके लिए लड़ने के बजाय उसे अपनी लड़ाई खुद लड़ने और अपने फैसले लेने का हौसला देता है।
रश्मि देसाई धारावाहिक में माया की भूमिका निभा रही हैं। माया मजबूत, व्यावहारिक और अपने जज्बातों को भीतर रखने वाली महिला है। लंबे समय बाद छोटे पर्दे पर वापसी को लेकर रश्मि ने कहा कि उन्होंने कई प्रस्ताव मिलने के बावजूद ऐसे किरदार का इंतजार किया, जिससे उन्हें भावनात्मक जुड़ाव महसूस हो। उनके अनुसार माया सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि जीवन की सच्चाइयों को समझने वाली व्यावहारिक महिला है।
सानवी की भूमिका निभा रहीं जाह्नवी सोनी ने अपने किरदार को स्नेही और दूसरों का ख्याल रखने वाली लड़की बताया। उन्होंने कहा कि सानवी की अच्छाई को उसकी कमजोरी नहीं समझा जा सकता, क्योंकि वह सही बात के लिए खड़े होने का साहस रखती है और अपने वादे निभाने के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने को तैयार रहती है। रश्मि देसाई के साथ काम करने को उन्होंने अपने लिए खास अनुभव बताया।
वहीं, गौतम सिंह विग ने आदित्य के किरदार को सानवी का सच्चा साथी बताया। उनके मुताबिक आदित्य सानवी की लड़ाई खुद नहीं लड़ता, बल्कि उसे अपनी लड़ाई जीतने का हौसला देता है। वह सानवी के फैसलों का सम्मान करता है और उसे अपने सवालों के जवाब खुद तलाशने की आजादी देता है। आदित्य का प्रेम भरोसे, सुरक्षा और बराबरी पर आधारित है।
‘सयोनी’ का प्रसारण 23 सितंबर से हर शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।









