टिहरी के 2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होंगे कार्यक्रम, मंत्री रेखा आर्या ने समीक्षा बैठक में दिए समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल 22 सितंबर। सेवा सप्ताह के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जनपद टिहरी गढ़वाल के 2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों और सफल आयोजन को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि जनपद में कुल 2017 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिनमें 2012 केंद्र सक्रिय हैं। कार्यक्रम सभी विकासखंडों में आयोजित किए जाएंगे। इनमें महिलाओं, गर्भवती और धात्री महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।

मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह का व्यवधान न हो। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, पोषण माह और टेक होम राशन समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम निर्धारित समयावधि में ही पूरा किया जाए, जिससे बच्चों, माताओं और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी दिया जाएगा। साथ ही आयोजन की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

मानदेय बढ़ाने का दिया आश्वासन

समीक्षा बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मंत्री के समक्ष मानदेय बढ़ाने की मांग रखी। इस पर रेखा आर्या ने आश्वासन दिया कि उनकी मानदेय बढ़ोतरी की मांग को जल्द पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे और इस संबंध में प्रस्ताव मंत्रिमंडल के समक्ष लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की मजबूत कड़ी हैं और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि एक महिला होने के नाते वह उनकी समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं।

बैठक में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष इंदु डंगवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोविंद रावत सहित जनपद स्तरीय अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें